रफ्तार मीडिया /हजारीबाग
हजारीबाग: ऑल इंडिया लाइफ इंश्योरेंस एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (लाइफी) की सीएबी शाखा की वार्षिक आमसभा एवं चुनाव शुक्रवार को एलआईसी शाखा सीएबी परिसर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नयन कुमार कमल एवं विशिष्ट अतिथि नंदलाल वर्णवाल उपस्थित रहे।
आमसभा को संबोधित करते हुए नयन कुमार कमल ने अभिकर्ताओं को एलआईसी कर्मचारियों के समान सुविधाएं देने, सभी एजेंटों के लिए ग्रुप इंश्योरेंस एवं मेडिक्लेम लागू करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि एलआईसी के व्यवसाय में अभिकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार होना चाहिए।
सभा में संगठन की मजबूती और अभिकर्ताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया गया। चुनाव के बाद नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें अर्जुन केसरी अध्यक्ष, राकेश कुमार सिंह सचिव और विवेक कुमार कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिकर्ताओं ने भाग लिया और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।