दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया  संवाददाता जामताड़ा 

जामताड़ा उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला शिक्षा स्थापना समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विद्यालयों, विशेषकर मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता तथा शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति से संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने विद्यालयों में शिक्षकों की कमी, विषयवार आवश्यकताओं एवं विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालयों में शिक्षण कार्य प्रभावित न हो तथा प्रत्येक विद्यालय में आवश्यकतानुसार योग्य शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए शिक्षकों का संतुलित एवं आवश्यकता आधारित पदस्थापन और प्रतिनियुक्ति अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी मामलों का नियमानुसार निष्पादन करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बैठक में विद्यालयों की शैक्षणिक आवश्यकताओं, शिक्षक-छात्र अनुपात तथा विभिन्न विषयों के शिक्षकों की उपलब्धता से जुड़े बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम समयबद्ध तरीके से उठाए जाएं। मौके पर उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति, एपीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।