दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा।
पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह की अध्यक्षता में रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों, वारंट निष्पादन तथा आगामी श्रावणी मेला-2026 की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक में बताया गया कि मई 2026 से अब तक जिले में कुल 753 वारंटों का निष्पादन किया गया है। वहीं जून 2026 के दौरान विभिन्न मामलों में वांछित 43 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को गंभीर अपराधों में संलिप्त अपराधियों, सीमावर्ती क्षेत्रों के सक्रिय अपराधियों तथा हाल ही में जेल से छूटे अपराधियों की सूची तैयार कर उनकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया। शम्भु कुमार सिंह ने महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े मामलों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई करने, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा साइबर ठगी में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ लगातार छापेमारी कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित कांडों और वारंटों का शीघ्र निष्पादन, बैंक, एटीएम, ज्वेलरी दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की नियमित सुरक्षा जांच तथा क्षेत्र में सघन गश्ती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, नशा मुक्ति, साइबर अपराध, महिला उत्पीड़न, दहेज, बाल विवाह और डायन प्रथा के विरुद्ध स्कूलों, कॉलेजों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया। श्रावणी मेला-2026 के मद्देनजर कांवरियों की सुरक्षा के लिए संवेदनशील मार्गों पर विशेष निगरानी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के बाद पुलिस केंद्र में पुलिस सभा आयोजित कर पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।