सरायकेला: सरायकेला-खरसावां पुलिस को रंगदारी मांगने के मामले में बड़ी सफलता मिली है। कांड्रा थाना क्षेत्र में मोबाइल फोन के जरिए लोगों को धमकाकर पैसे मांगने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान बंटी गुहा (38 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पूर्वी सिंहभूम जिले के परसुडीह थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी का रहने वाला है। वर्तमान में वह पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित भवानीपुर थाना क्षेत्र में रहकर USS नामक कंपनी में कार्यरत था।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 मई 2026 को झारखंड ग्रामीण बैंक, कांड्रा शाखा के मैनेजर के मोबाइल पर नंबर 7549316946 से कॉल कर 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी गई। कॉल करने वाले ने खुद को “रवि लोहार” बताते हुए कहा कि वह सरायकेला जेल में बंद है और जमानत के लिए वकील को पैसे देने हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए बैंक मैनेजर ने 24 मई को कांड्रा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। इस संबंध में कांड्रा थाना कांड संख्या-09/2026, धारा 308(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।मामले के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर रविवार सुबह मानगो बस स्टैंड, जमशेदपुर के पास से आरोपी बंटी गुहा को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने 21 मई को चांडिल थाना क्षेत्र के रूचाप निवासी शिशिर कुमार चटर्जी को भी इसी मोबाइल नंबर से फोन कर रंगदारी मांगते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। इसके अलावा 15 मई को गम्हरिया थाना क्षेत्र के छोटा गम्हरिया निवासी अभिषेक सिंहदेव से भी इसी नंबर से रंगदारी मांगी गई थी।पुलिस अब आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और अन्य संभावित मामलों की भी जांच कर रही है।