सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में पुलिस प्रशासन द्वारा जन जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में सीनी पंचायत क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को महिला अपराध, डायन-बिसाही जैसी कुप्रथाओं, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह, महिला सुरक्षा एवं महिलाओं के कानूनी अधिकारों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को बताया कि समाज में फैली अफवाहों एवं कुरीतियों से बचना बेहद जरूरी है और किसी भी संदिग्ध घटना की सूचना तुरंत पुलिस को देनी चाहिए।इसके अलावा नशा मुक्ति अभियान के तहत युवाओं एवं ग्रामीणों को नशे से दूर रहने की अपील की गई। वहीं बच्चा चोरी की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी प्रकार की सूचना की पुष्टि पुलिस से करने की सलाह दी गई।पुलिस टीम ने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, आपातकालीन सेवा डायल-112 तथा साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए टोल फ्री नंबर 1930 की जानकारी भी लोगों को दी। साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई।कार्यक्रम में ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान से लोगों में कानून के प्रति समझ बढ़ेगी और समाज में अपराध रोकने में मदद मिलेगी।