दीपचंद्र दीक्षित/ कमालगंज (फर्रुखाबाद):फर्रुखाबाद के थाना कमालगंज क्षेत्र में खेत में घुसकर मक्का की फसल तोड़ने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, कमालगंज थाना क्षेत्र के नगला खेम रैगाई, पोस्ट भोजपुर निवासी वकील अहमद पुत्र हबीब खान ने आरोप लगाया कि उनके पड़ोसी मुश्ताक खान पुत्र आफाक खान ने दो दिन पूर्व ही उनकी फसल को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी। आरोप है कि मुश्ताक ने अनवर खान के पुत्र (मुजम्मिल चौकीदार) से कहा था कि वह मक्का की फसल को पानी नहीं देने देगा और फसल को बर्बाद कर देगा।
पीड़ित के मुताबिक, 10 अप्रैल 2026 को करीब 11 बजे मुश्ताक खान के कहने पर अब्दुल समद और हारून खान खेत में घुस आए और मक्का की फसल को तोड़ डाला। पीड़ित ने बताया कि खेत में लगा समरसेबल पंप उसकी जमीन पर स्थित है, लेकिन आपसी सहमति के चलते कनेक्शन हलीमन बेगम के नाम दर्ज है और पंप साझा रूप से उपयोग किया जाता है।
आरोप है कि मुश्ताक खान ने पानी देने से भी साफ इनकार कर दिया, जिससे फसल सूखने का खतरा बढ़ गया है। पीड़ित ने चेतावनी दी है कि यदि उसकी फसल बर्बाद होती है तो इसके लिए मुश्ताक खान जिम्मेदार होगा और उससे हर्जाना वसूला जाना चाहिए।
पीड़ित ने यह भी बताया कि आरोपी पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ पूर्व में गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। मामले में पीड़ित ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।