फतह सिंह उजाला 
पटौदी, 26 जून। पांचवी हरियाणा बटालियन एनसीसी, गुरुग्राम द्वारा आश्रम हरि मंदिर, पटौदी में आयोजित तृतीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में कैडेटों को अनुशासन, आपदा प्रबंधन एवं भारतीय सेना की चयन प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण प्रशिक्षण दिया गया। दिन की शुरुआत प्रातःकालीन शारीरिक प्रशिक्षण (पीटी) से हुई। इसके बाद कैडेटों को ड्रिल का अभ्यास कराया गया तथा उन्हें बताया गया कि "ड्रिल अनुशासन की बुनियाद है।"

इसके उपरांत डिजास्टर मैनेजमेंट टीम के एएसआई योगेंद्र सिंह एवं एएसआई नरेंद्र कुमार ने कैडेटस को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान बचाव कार्य, प्राथमिक प्रतिक्रिया तथा आमजन की सुरक्षा के विभिन्न उपायों की विस्तृत जानकारी दी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर कैडेट प्रभावी ढंग से राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग कर सकें।

शिविर के कमांडेंट कर्नल एस.के. कौशिक ने कैडेटों को भारतीय सेना की एसएसबी (Services Selection Board) चयन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्क्रीनिंग टेस्ट, मनोवैज्ञानिक परीक्षण, ग्रुप टास्क, इंटरव्यू तथा कॉन्फ्रेंस सहित चयन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों की जानकारी देते हुए कैडेटों को नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं अनुशासन विकसित करने के लिए प्रेरित किया। सायंकाल रोल कॉल के पश्चात कैडेटों ने सामूहिक रूप से एनसीसी गीत का गायन किया। इसके साथ ही चौथे दिन का प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।