दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा: जामताड़ा उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने बुधवार को समाहरणालय ‘ए’ ब्लॉक स्थित विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दोनों सभागारों, झारनेट वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष, द्वितीय एवं तृतीय तल पर बने कार्यालय कक्षों, शौचालयों तथा भवन की छत का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने निरीक्षण के क्रम में जेरेडा द्वारा अधिष्ठापित सोलर सिस्टम की कार्यशीलता की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को इसे शीघ्र फंक्शनल कराने का निर्देश दिया। साथ ही छत पर उगी झाड़ियों एवं पानी टंकियों की सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बरसात के कारण भवन में उत्पन्न सीलन की समस्या पर भी चिंता जताई और आवश्यक रखरखाव करने के निर्देश दिए। झारनेट वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लेते हुए उपायुक्त ने विभिन्न आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अप्रयुक्त सामग्रियों को व्यवस्थित ढंग से अन्यत्र रखने तथा कार्यालय परिसर को साफ-सुथरा बनाए रखने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सभागार में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। परिसर में जगह-जगह फैले कचरे पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि सरकारी कार्यालयों की स्वच्छता एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था से आमजनों को बेहतर वातावरण मिलता है और कार्यों के निष्पादन में भी सुविधा होती है।उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को नियमित रूप से साफ-सफाई और रखरखाव पर ध्यान देने को कहा। निरीक्षण के दौरान प्रभारी नजारत उप समाहर्ता विकेश कुणाल प्रजापति सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।