चाईबासा : चाईबासा शहर में उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक चाईबासा शाखा से फोन कॉल कर लोगों को परेशान किए जाने का मामला सामने आया है। भुक्तभोगियों का आरोप है कि विक्रम पोद्दार नामक व्यक्ति बैंक का लोन रिकवरी एजेंट अनजान लोगों को कॉल करता है और अलग-अलग व्यक्तियों के लोन का हवाला देकर भुगतान करने का दबाव बनाता है। आरोप है कि कॉल के दौरान अभद्र भाषा, धमकी और गाली-गलौज का भी प्रयोग किया जाता है। पीड़ितों का कहना है कि जिन लोगों को कॉल किए जा रहे हैं, उनका संबंधित लोन खातों से कोई सीधा संबंध नहीं है, इसके बावजूद उन्हें बार-बार परेशान किया जा रहा है। भुक्तभोगी ने बताया कि कुछ महीनों पहले भी इस संबंध में बैंक शाखा को नंबर बदलने और अनावश्यक कॉल बंद कराने की जानकारी दी गई थी। उस समय बैंक की ओर से आगे इस तरह के कॉल नहीं आने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद कथित रूप से फिर से कॉल कर अभद्र व्यवहार किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि किसी ग्राहक द्वारा समय पर लोन भुगतान नहीं हो पाता है तो भी बैंक या उसके प्रतिनिधियों को मर्यादित और कानूनी प्रक्रिया के तहत व्यवहार करना चाहिए। लगातार हो रही बदसलूकी और धमकी भरे कॉल से लोग मानसिक रूप से परेशान हैं। भुक्तभोगी ने बैंक प्रबंधन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने तथा इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि विक्रम पोद्दार के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो मामले की लिखित शिकायत संबंधित विभागों एवं प्रशासन से की जाएगी।