दीपचंद्र दीक्षित संवाददाता
फर्रुखाबाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के जिला प्रचारक माधवेन्द्र सिंह की बाइक की जांच के दौरान हुई नोकझोंक के मामले में पुलिस अधीक्षक ने सख्त कार्रवाई की है। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए बस अड्डा चौकी प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम बस अड्डा चौकी के सामने वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संघ के जिला प्रचारक माधवेन्द्र सिंह की बाइक को जांच के लिए रोका गया। बाइक की चेकिंग के दौरान किसी बात को लेकर जिला प्रचारक और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने पूरे प्रकरण की समीक्षा की। जांच के बाद पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बस अड्डा चौकी प्रभारी कपिल कुशवाहा, सिपाही अनुज कुमार तथा रिक्रूट आरक्षी अजय सिंह और विक्रम सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने के आदेश जारी कर दिए। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को अनुशासन एवं संवेदनशील मामलों में जवाबदेही सुनिश्चित करने के दृष्टिकोण से देखा जा रहा है। मामले को लेकर विभागीय स्तर पर भी आवश्यक जांच की जा रही है।