सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के सालडीह बस्ती में मंगलवार सुबह अपराधियों ने खुलेआम दुस्साहस का परिचय देते हुए भाजपा नेता सपन दास के आवास पर फायरिंग कर दी। स्कूटी सवार तीन अपराधियों ने घर को निशाना बनाकर तीन राउंड गोलियां चलाईं। गनीमत रही कि गोलियां खिड़की के लोहे के ग्रिल में जा फंसीं, जिससे घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए।घटना आदित्यपुर थाना क्षेत्र की है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार अपराधी फिल्मी अंदाज में पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वे गाली-गलौज करते हुए पैदल ही भाग निकले। स्थानीय लोगों ने फुटेज के आधार पर मुख्य हमलावर की पहचान राजू उर्फ टकला और उसके सहयोगी चंदन के रूप में की है।घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। स्थानीय निवासियों में पुलिस के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद मौके पर केवल ‘टाइगर मोबाइल’ के जवान पहुंचे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर असुरक्षा की भावना बढ़ी है।पूर्व पार्षद नील पदम विश्वास ने घटना को सुनियोजित साजिश बताते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे दिनदहाड़े जनप्रतिनिधियों के घर पर गोलियां चला रहे हैं।गौरतलब है कि 4 अप्रैल को भी इन्हीं अपराधियों द्वारा क्षेत्र में मारपीट और फायरिंग का प्रयास किया गया था, जहां से पुलिस ने खोखा बरामद किया था। लगातार हो रही घटनाओं ने आदित्यपुर पुलिस की गश्ती व्यवस्था और खुफिया तंत्र पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है।