दिनेश कुमार रजक:ज़मुरिया में टीएमसी के एक पूर्व विधायक के पार्टी ऑफिस से भारी मात्रा में राहत सामग्री मिलने से शुक्रवार शाम इलाके में सनसनी फैल गई। सरकारी प्रोजेक्ट की सामग्रियां ऑफिस में रखे होने की सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर तलाशी ली, जिसके बाद स्थानीय स्तर पर राजनीतिक बवाल शुरू हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, ऑफिस के अंदर बड़ी संख्या में साड़ियां, तिरपाल, कंबल, लुंगी और गमछे रखे मिले। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। भीड़ को काबू करने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात की गई। विपक्ष ने इस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि आम जनता के लिए आई राहत सामग्री लंबे समय से पार्टी ऑफिस में पड़ी थी और जरूरतमंद लाभार्थियों तक नहीं पहुंचाई गई, उन्हें दबाकर रखा गया। प्रशासन ने पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, बरामद सामान का स्रोत, उन्हें यहां रखने का मकसद और किसी नियम के उल्लंघन की संभावना की जांच की जा रही है। सर्च ऑपरेशन के दौरान पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।