दिनेश कुमार रजक/मिहिजाम:मिहिजाम के डॉ नागेन्द्र सिन्हा विद्यालय में शनिवार को जैक द्वारा आयोजित आठवीं बोर्ड परीक्षा में सफल छात्र-छात्राओं के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिका अंकिता बर्मन को भी ससम्मान विदाई दी गई। समारोह के दौरान विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे की शिक्षा में निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया गया। शिक्षिका अंकिता बर्मन के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें उपहार एवं अनुभव प्रमाण पत्र प्रदान किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। विद्यालय के सचिव नंदलाल शर्मा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि एक बेहतर इंसान बनना है। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षिका अंकिता बर्मन को प्रेरित करते हुए कहा कि वे जिस भी क्षेत्र में जाएं, वहां उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने परिवार एवं विद्यालय का नाम रोशन करें। कोषाध्यक्ष नवीन कुमार ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि विद्यालय में मिली अनुशासन एवं ज्ञान की नींव को आगे भी बनाए रखें। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्या चंदा मिश्रा, उप-प्राचार्या सीमा राउत और अन्य शिक्षिकाओं ने अपने विचार व्यक्त किए।