दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा :

जामताड़ा जिले में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा नियमित अनुश्रवण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर प्रखंडवार नामित वरीय अधिकारियों ने विभिन्न पंचायतों का दौरा कर योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पंचायत स्तर पर संचालित विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों, मनरेगा योजनाओं, कल्याण छात्रावासों, प्रशिक्षण केंद्रों, आवासीय विद्यालयों, स्वास्थ्य उपकेंद्रों एवं अन्य सरकारी संस्थानों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं संबंधित विभागीय कर्मियों के साथ बैठक कर विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों पर चर्चा की। इस दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली चुनौतियों, लाभुकों को मिलने वाली सुविधाओं तथा आवश्यक सुधारात्मक कदमों पर भी विचार-विमर्श किया गया। जिले के विभिन्न प्रखंडों में नामित अधिकारियों ने अलग-अलग पंचायतों का निरीक्षण किया। करमाटांड़ (विद्यासागर) प्रखंड के डुमरिया पंचायत में उप विकास आयुक्त, जामताड़ा प्रखंड के गोपालपुर पंचायत में अंचल अधिकारी, जामताड़ा, लाधना पंचायत में जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार, नाला प्रखंड के खैरा पंचायत में परियोजना निदेशक आईटीडीए, फतेहपुर प्रखंड के चापुड़िया पंचायत में अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार तथा कुंडहित प्रखंड के सुद्राक्षीपुर पंचायत में जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि ने निरीक्षण कर योजनाओं की समीक्षा की।प्रशासन का उद्देश्य योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन कर पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा विकास कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करना है।