सरायकेला: खूंटी लोकसभा के सांसद प्रतिनिधि सूरज महतो ने पीएम श्री योजना के तहत स्कूलों में आवंटित राशि के उपयोग एवं सामग्री खरीद में अनियमितता का आरोप लगाते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।सूरज महतो ने बुधवार को पीएम श्री उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मुड़िया का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने पीएम श्री योजना के तहत उपलब्ध कराई गई सामग्रियों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई सामग्री मानक के अनुरूप नहीं हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि स्कूल में उपलब्ध कराई गई सामग्रियों की संख्या भी निर्धारित मात्रा से कम पाई गई।उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2024-25 में जिले के संबंधित पदाधिकारियों द्वारा बिना निविदा (टेंडर) प्रक्रिया अपनाए कुछ सामग्रियों की खरीद एवं आपूर्ति कराई गई। वहीं वर्ष 2025-26 और 2026-27 के लिए अब तक स्कूलों को योजना के तहत कोई सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई है। उनका कहना है कि सामग्री की आपूर्ति कुछ चुनिंदा आपूर्तिकर्ताओं के माध्यम से कराई गई, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।सूरज महतो ने बताया कि इस मामले को लेकर उनकी चर्चा खूंटी के सांसद कालीचरण मुंडा से भी हुई है। उन्होंने कहा कि सांसद के निर्देश पर जल्द ही सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की विस्तृत शिकायत की जाएगी तथा जिला स्तर पर जांच समिति गठित कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की जाएगी।उन्होंने कहा कि यदि पूरे मामले की पारदर्शी जांच कराई जाती है तो पीएम श्री योजना के तहत सामग्री खरीद, आपूर्ति प्रक्रिया और आवंटित राशि के उपयोग से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा हो सकेगा। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।