सवांददाता कुमार विक्रम
दुमका:- जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने आज रानीश्वर प्रखंड स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर बांसकुली तथा मसलिया प्रखंड स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर भालका सिंगारी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में बुनियादी सुविधाओं,बुनियादी ढांचे और आम जनता को दी जा रही चिकित्सा सेवाओं की गहन समीक्षा की।रानीश्वर के बांसकुली केंद्र के निरीक्षण में उपायुक्त ने पाया कि भवन का निर्माण कार्य अभी चल ही रहा है और इसे विभाग को सौंपना बाकी है। इस पर उन्होंने निर्माण एजेंसी को फटकार लगाते हुए तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण काम पूरा कर जल्द से जल्द भवन हस्तांतरित करने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ कहा कि ग्रामीण इलाकों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सरकार की प्राथमिकता हैं, इसलिए लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।इसके बाद उपायुक्त ने मसलिया के भालका सिंगारी केंद्र का रुख किया। वहां उन्होंने प्रभारी से दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सा उपकरणों और सहिया-सेविकाओं के कार्यों की जानकारी ली। उपायुक्त ने दवा भंडार का खुद औचक निरीक्षण किया और रैंडम तरीके से कई दवाओं की एक्सपायरी डेट जांची, जो जांच में सही पाई गईं। उपकेंद्र में पेयजल की समस्या सामने आने पर उन्होंने संबंधित विभाग को तुरंत पानी की व्यवस्था दुरुस्त करने का आदेश दिया। उपायुक्त ने साफ-सफाई, बिजली और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। मौके पर उप विकास आयुक्त भी उपस्थित थे।