फतह सिंह उजाला
मानेसर। मानसून को देखते हुए नगर निगम मानेसर ने जलभराव की समस्या से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी है। सोमवार को निगम आयुक्त प्रदीप सिंह ने वार्ड-3 के गांव हयातपुर का दौरा कर विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान डिप्टी मेयर रीमा चौहान और पार्षद रूचि कौशिक भी उनके साथ मौजूद रही।
निरीक्षण के दौरान आयुकत प्रदीप सिंह ने इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मानसून शुरू होने से पहले गांव के सभी छोटे-बड़े नालों और नालियों की सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जल निकासी व्यवस्था को दुरूस्त रखना नगर निगम की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मानसून की तैयारियां पहले से करना जरूरी है। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जलभराव की संभावित स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त अस्थायी पंप सेटर भी रिजर्व में रखे जाएं। पेयजल व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए कि पानी की सप्लाई को सुचारू बनाए रखने के लिए पंप ऑपरेटर की नियुक्ति की जाए, ताकि किसी भी तकनीकी समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके और लोगों को पानी की कमी न हो।
इसके अलावा आयुक्त ने गांव के पास जीएमडीए रोड पर स्थित वर्धमान फ्लोरा चौक पर स्पीड ब्रेकर लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगले 15 दिनों के भीतर नालों की सफाई, पंपों की उपलब्धता, पंप ऑपरेटर की नियुक्ति और स्पीड ब्रेकर लगाने के काम पूरे कर लिए जाएं। इस दौरान उनके साथ एक्सईएन सुशील ठाकरान, एसडीओ संजोग शर्मा, जेई हितेश यादव, अजय सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।