धनबाद:: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री **इरफान अंसारी** जामताड़ा से रांची जाने के क्रम में धनबाद के बरवाअड्डा स्थित 'अपना ढाबा' पहुंचे। यहाँ स्थानीय झामुमो और कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। मीडिया से मुखातिब होते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को पद्म सम्मान दिए जाने के फैसले पर अपनी प्रतिक्रिया दी और राज्यसभा चुनाव में मिली हार को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा धनबल का आरोप मढ़ा।
**गुरुजी का संघर्ष महान, केंद्र सरकार दे देश का सर्वोच्च सम्मान*
बरवाअड्डा के इस विशेष ढाबे पर रुकने की भावुक वजह बताते हुए इरफान अंसारी ने कहा कि वे जानबूझकर यहाँ आए हैं, क्योंकि इसी ऐतिहासिक स्थान पर उनकी पहली मुलाकात झारखंड के आंदोलनकारी नेता शिबू सोरेन से हुई थी। उन्होंने कहा कि गुरुजी को पद्मभूषण सम्मान मिलना पूरे झारखंड के आदिवासियों और मूलवासियों के लिए गर्व की बात है, लेकिन उनका संघर्ष और त्याग इससे कहीं बड़ा है। शिबू सोरेन को 'भारत रत्न' मिलना चाहिए था और केंद्र सरकार को इस मांग पर दोबारा विचार करना चाहिए।
**पैसे के दम पर चुनाव जीत रही है भाजपा: इरफान अंसारी*
हालिया राज्यसभा चुनाव में सत्ताधारी गठबंधन के उम्मीदवार की हार पर कड़ा प्रहार करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि भाजपा केवल पैसे के दम पर राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा:
अगर जनता हमें चुनाव हराती तो लोकतंत्र में समझ आता, लेकिन यहाँ जनता ने नहीं बल्कि भाजपा के पैसे ने हमारे उम्मीदवार को हराया है। भाजपा केवल बड़े-बड़े पूंजीपतियों और व्यवसायियों को बढ़ावा दे रही है और झारखंड के गरीब मूलवासियों के हितों की अनदेखी कर रही है। सच यही है कि राज्य की जनता कांग्रेस-झामुमो के साथ है और पैसा सिर्फ भाजपा के साथ है।
*झारखंड स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़ा बदलाव, कैंसर दवाओं पर उठाए सवाल*
विभागीय सुधारों पर चर्चा करते हुए इरफान अंसारी ने दावा किया कि राज्य की बदहाल चिकित्सा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अब तक 200 से अधिक अनुभवी और सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों को झारखंड लाया गया है। डॉक्टरों को बेहतर वेतन और सुविधाएं देकर सरकारी अस्पतालों को मजबूत किया जा रहा है और जल्द ही बड़े पैमाने पर नई नियुक्तियां भी की जाएंगी।

कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी की महंगी दवाओं को लेकर उन्होंने केंद्र सरकार को घेरा और कहा कि गंभीर रोगों के इलाज की कीमतें कम होनी चाहिए ताकि गरीब भी इलाज करा सके। वहीं, विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे घोटालों के आरोपों पर उन्होंने साफ कहा कि उनका किसी भी प्रकार के घोटाले से कोई लेना-देना नहीं है और उनका एकमात्र लक्ष्य जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देना है।

**विशेष रिपोर्ट:** गोवर्धन रजक (धनबाद)