दिनेश कुमार रजक/मिहिजाम: रविवार शाम 7 बजे बेसिक स्कूल प्रांगण में रबीन्द्र-नजरुल संध्या पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। झारखंड बंगाली समिति, नगर परिषद शाखा मिहिजाम द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में नन्हे-मुन्हे बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में बच्चों ने रबीन्द्र संगीत और नजरुल गीत पर आधारित आकर्षक नृत्य व गायन प्रस्तुत किए। कवि गुरु रबीन्द्रनाथ टैगोर और विद्रोही कवि काजी नजरुल इस्लाम की रचनाओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया। बच्चों की जीवंत प्रस्तुति देख दर्शक तालियां बजाने को मजबूर हो गए। इस अवसर पर मिहिजाम नगर परिषद अध्यक्षा, उपाध्यक्ष, जेएमएम के वरिष्ठ नेता, पूर्व अध्यक्ष, विभिन्न वार्डों के पार्षदगण और कई समाजसेवी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग परिवार सहित पहुंचे और देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लिया। आयोजकों ने बताया कि रबीन्द्र-नजरुल की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए हर साल यह संध्या आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।