रफ्तार संवाददाता रंजीत पालकोट (गुमला)। ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी पालकोट स्थित श्री श्री 1008 श्री अटलबली महाप्रभु जगन्नाथ मंदिर में आयोजित होने वाले वार्षिक रथयात्रा महोत्सव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 15 जुलाई से प्रारंभ होने वाले इस नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में नेत्रदान महोत्सव, रथयात्रा, अवतार महोत्सव, महाप्रसाद वितरण तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मंदिर परिसर और रथ को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण व्याप्त है।रथयात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए आयोजन समिति के वरिष्ठ सदस्य पंडित बंशीधर साड़ंगी, कुमुद बिहारी साड़ंगी, शिवप्रसाद साव, नितिन केसरी एवं विजय मिश्रा ने संयुक्त रूप से कहा कि पालकोट की रथयात्रा क्षेत्र की गौरवशाली सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष महाप्रभु के रथ को नया और भव्य स्वरूप दिया गया है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन, पूजा-अर्चना, महाप्रसाद वितरण और भंडारे की समुचित व्यवस्था की गई है। समिति ने क्षेत्रवासियों और सनातन धर्मावलंबियों से इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और महाप्रभु का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
समिति के अनुसार 15 जुलाई को नेत्रदान महोत्सव का आयोजन होगा। इस अवसर पर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा को एकांतवास से बाहर लाकर दर्शन मंडप में विराजमान किया जाएगा। शाम को विशेष श्रृंगार, मंगल आरती एवं महाभोग के बाद श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की व्यवस्था रहेगी।16 जुलाई को ऐतिहासिक रथयात्रा निकाली जाएगी।दोपहर में भगवान के विग्रहों को भव्य रथ पर विराजमान कर विशेष पूजा-अर्चना संपन्न होगी।इसके बाद गगनभेदी जयघोष और शंखध्वनि के बीच रथ नगर भ्रमण के लिए रवाना होगा।शाम तक रथ पुनः मंदिर परिसर लौटेगा, जहां श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर सकेंगे।17 जुलाई से 24 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह और शाम पूजा-अर्चना, दर्शन तथा महाप्रसाद वितरण का कार्यक्रम चलेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।रथयात्रा महोत्सव का समापन 25 जुलाई को घुरती रथ मेला (बहुड़ा यात्रा) के साथ होगा।इस अवसर पर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा पुनः रथ पर सवार होकर अपनी दिव्य लीला का समापन करेंगे। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से आयोजन में शामिल होने की अपील की है।