दीपचंद्र दीक्षित, संवाददाता

मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। विकासखंड के ग्राम दरौदी में रविवार को पौधारोपण कार्यक्रम के उपरांत ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण का काफिला रोककर गांव की विभिन्न मूलभूत समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने गांव में विद्यालय, स्ट्रीट लाइट, सड़क और नाली जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव का मुद्दा उठाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।

ग्रामीणों ने बताया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए लंबे समय से संबंधित विभागों एवं अधिकारियों से मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने गांव के समग्र विकास के लिए आवश्यक निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराने की मांग की।

ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद मंत्री असीम अरुण ने उन्हें आश्वस्त किया कि पूरे मामले की जांच मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) से कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को जल्द से जल्द मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।

ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमोद कुमार मिश्रा, धर्मेंद्र मिश्रा, शिवम मिश्रा, राजेश यादव, राहुल यादव सहित लगभग 50 ग्रामीण शामिल रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने एकजुट होकर गांव के सर्वांगीण विकास एवं बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग उठाई।