चंडीगढ़ / रवीन्द्र कुमार
कांग्रेस ने परीक्षा प्रणाली में सुधार और देश भर में फैली बड़े पैमाने पर बेरोजगारी के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है । जिसको लेकर आज चंडीगढ़ स्थित प्रेस क्लब में पार्टी के वरिष्ठ नेता और CWC सदस्य राजीव शुक्ला, पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग और चंडीगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लकी द्वारा पार्टी की तरफ़ से छात्रों की गूंज' नाम से एक देशव्यापी अभियान शुरू करने की घोषणा की
गई । इस अभियान के शुरुआत की घोषणा करने से पहले , सभी नेताओं द्वारा, नीट परीक्षा लीक मामले के उपरांत जान गवा चुके छात्रों के लिए 2 मिनट का मौन भी रखा गया । कांग्रेस नेताओं ने कहा की इस अभियान का मकसद पेपर लीक, परीक्षा में गड़बड़ियों, देरी और परीक्षा रद्द होने जैसी समस्याओं के खिलाफ छात्रों को एकजुट करना है ।
साथ ही, इसमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और देश की परीक्षा प्रणाली में व्यापक बदलाव की मांग भी की जाएगी । इस प्रेस वार्ता के दौरान राजीव शुक्ला ने बताया कि यह अभियान पूरे देश में चलाया जाएगा और इसमें कोचिंग सेंटरों, विश्वविद्यालयों, हॉस्टलों, पुस्तकालयों और सार्वजनिक जगहों पर छात्रों को जोड़ने पर ध्यान दिया जाएगा । जुलाई भर चलने वाले इस कैंपेन में छात्रों की भागीदारी बढ़ाने वाली पहल, कैंपस में बातचीत और “अंबेडकर संवाद” जैसे कार्यक्रम शामिल होंगे ।
इस कैंपेन का समापन 1 अगस्त को 28 शहरों में एक साथ कलेक्टर ऑफिस के सामने प्रदर्शन के साथ होगा । इसके बाद, 9 अगस्त को नई दिल्ली में “संसद घेराव” किया जाएगा, जिसका मकसद केंद्र सरकार पर छात्रों की चिंताओं को दूर करने के लिए दबाव बनाना होगा ।
शुक्ला ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि बार-बार होने वाले परीक्षा विवादों ने प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं में जनता के सरकार पर भरोसे को बुरी तरह से ख़त्म कर दिया है । उन्होंने इस मुद्दे को लाखों छात्रों और नौकरी के उम्मीदवारों को प्रभावित करने वाला "राष्ट्रीय संकट" बताया ।