सौरभ राय/ रफ्तार मीडिया

रांची:मुहर्रम के अवसर पर आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो राजधानी रांची के बरियातू स्थित नवजवान मुहर्रम कमिटी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए कहा कि करबला की घटना पूरी मानवता के लिए त्याग, सत्य, न्याय और भाईचारे का संदेश देती है।

*अन्याय के विरुद्ध सत्य के मार्ग पर अडिग रहने का प्रेरणा देता है मोहर्रम- सुदेश महतो*
मौके पर सुदेश महतो ने अपने संबोधन में कहा कि मुहर्रम का पवित्र महीना अन्याय के विरुद्ध सत्य के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि इमाम हुसैन की कुर्बानी केवल एक धार्मिक घटना नहीं, बल्कि इंसाफ, मानवता और नैतिक मूल्यों की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है, जिससे हर पीढ़ी को प्रेरणा मिलती रहेगी।उन्होंने नवजवान मुहर्रम कमिटी के पदाधिकारियों एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात कर आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान उसकी गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक समरसता रही है। इसे और मजबूत बनाने के लिए सभी समुदायों को मिलकर कार्य करना चाहिए।

*कमिटी द्वारा किया गया भव्य स्वागत*
कार्यक्रम के दौरान कमिटी के पदाधिकारियों ने आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो का गर्मजोशी से स्वागत किया और क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर निकला ताजिया जुलूस शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।कार्यक्रम में नवजवान मुहर्रम कमिटी के अध्यक्ष मो. शमीम, सचिव इरफान अंसारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक, युवा एवं कमिटी के सदस्य उपस्थित रहे।