दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा 

नारायणपुर प्रखंड सभागार में मंगलवार को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी देना तथा राजनीतिक दलों की सहभागिता सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम में जामताड़ा अनुमंडल पदाधिकारी  अनंत कुमार, अंचल अधिकारी देवराज गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान एसआईआर प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई और मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए अपनाई जा रही प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीओ अनंत कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से मतदाता सूची को शुद्ध, सटीक और अद्यतन बनाया जाता है।उन्होंने कहा कि जिले में एसआईआर प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और प्रशासन इसे पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अंचल अधिकारी देवराज गुप्ता ने कहा कि इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य केवल पात्र और वास्तविक मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करना है।इसके लिए विभिन्न स्तरों पर जांच, सत्यापन और दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है, ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि या गड़बड़ी की संभावना न रहे। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि वे इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करें तथा आवश्यक सुझाव देकर मतदाता सूची को और अधिक सटीक बनाने में प्रशासन की मदद करें। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि एसआईआर प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित की जा रही है।