डीएम एसपी नें ब्लैक स्पॉट का किया स्थलीय निरीक्षण
फर्रुखाबाद जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी व पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने विभिन्न ब्लैक स्पॉट का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी (यातायात) अभय वर्मा, अवर अभियंता (निर्माण खंड) लोक निर्माण विभाग अंकित कुमार तथा थानाध्यक्ष राजेपुर भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शेराखार, डबरी, मेहमदपुर गढ़िया, गांधी मोड़, निबिया चौराहा व जमापुर चौराहा समेत राष्ट्रीय राजमार्ग के दुर्घटना बाहुल्य स्थलों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने लिंक मार्गों पर स्पीड ब्रेकर लगाने, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा राजमार्ग के दोनों ओर रिपीटेड बार (रंबल स्ट्रिप) लगाने के निर्देश दिए। जहां ढलान अधिक है, उसे दुरुस्त कराने तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड तत्काल लगाए जाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई कर दृश्यता बेहतर करने पर जोर दिया गया।
डीएम ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी और संबंधित विभाग निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करें।
Raftaar Media | सच के साथ