दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता, मिहिजाम

मिहिजाम: रफ्तार मीडिया की निर्भीक और तथ्यपरक पत्रकारिता का एक बार फिर असर देखने को मिला है। मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के राजबाड़ी मोहल्ले में 1250 मीटर लंबी सड़क पर नियमों को दरकिनार कर लगाई गई 170 स्ट्रीट लाइटों के वर्षों से बंद रहने और करोड़ों रुपये की बर्बादी से जुड़ी खबर को रफ्तार मीडिया ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर प्रकाशित होते ही नगर परिषद प्रशासन हरकत में आ गया। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुंभकार के निर्देश पर संबंधित विभाग और तकनीकी टीम ने तुरंत काम शुरू किया। वर्षों के इंतजार के बाद आखिरकार क्षेत्र की बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों में विद्युत प्रवाह चालू किया गया। लाइटें जलते ही मोहल्ले से अंधेरा छंट गया और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली। रोशनी लौटने पर निवासियों ने रफ्तार मीडिया की जनहितैषी रिपोर्टिंग की सराहना की। लोगों का कहना है कि यह समस्या वर्षों से फाइलों और आश्वासनों में दबकर रह गई थी। स्थानीय लोगों ने कहा हमारी आवाज उठाने के बाद ही अधिकारियों की नींद टूटी।

कुछ इलाकों में अब भी अंधेरा

हालांकि खुशी के साथ असंतोष भी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लाइटें केवल चुनिंदा स्थानों पर ही चालू की गई हैं। कई खंभों और अन्य वार्डों व टोलों में अब भी अंधेरा पसरा हुआ है। कुछ दिन पहले दो पोल के बीच की दूरी कम कर एक-एक पोल हटाया गया था, जिससे लाइटें जलने में सहूलियत हुई। नागरिकों की मांग है कि नगर परिषद आधा-अधूरा काम न करे। पूरे मार्ग और सभी लाइटों को दुरुस्त किया जाए ताकि हर क्षेत्र सुरक्षित और रोशन हो सके। लोगों ने कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुंभकार से बचे हुए खंभों पर भी लाइटें चालू कराने की अपील की है, ताकि जनता के पैसे का सही उपयोग हो सके। वार्ड 7 के पार्षद ने भी खुशी जाहिर करते हुए रफ्तार मीडिया को धन्यवाद कहा। इस संबंध में गोपेश कुंभकार ने बताया कि नियमित बोर्ड की बैठक में सभी अनियमितताओं की गहन जांच के बाद विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।