दिनेश कुमार रजक/चित्तरंजन:त्रि-स्तरीय पंचायत व्यवस्था के तहत सालानपुर ब्लॉक में विकास कार्यों को गति देने के लिए पंचायत समिति की जनरल बॉडी मीटिंग आयोजित की गई। ब्लॉक विकास अधिकारी देवांजन विश्वास की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सोलहवें वित्त आयोग के फंड से शुरू होने वाले विकास कार्यों की रूपरेखा तय की गई। बैठक में ब्लॉक सूचना अधिकारी शुभाशीष राय ने बताया कि प्रत्येक पंचायत को 16वें वित्त आयोग के तहत 25-30 लाख से 70-80 लाख रुपये तक का आवंटन मिलेगा। फंड का 50% टाइड फंड पेयजल और स्वच्छता, 20% अनटाइड फंड सड़क निर्माण व मरम्मत और 30% अनटाइड फंड पंचायत की अन्य योजनाओं पर खर्च होगा। सभी पंचायतों को 15 जून तक अपनी विशिष्ट विकास योजनाएं जमा करने के निर्देश दिए गए। बीडीओ देवांजन विश्वास ने समय पर प्लानिंग के साथ काम पूरा करने पर जोर दिया। बैठक में कुसुमकानली से कल्याणग्राम तक सड़क मरम्मत, रूपनारायणपुर से हिंदुस्तान केबल्स अपर केशिया तक मुख्य सड़क का जीर्णोद्धार और डाबर मोड़ पर जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए नाला व कलवर्ट निर्माण पर तत्काल चर्चा हुई। विधायक प्रतिनिधि चिन्मय तिवारी के माध्यम से एडीए के तहत हिंदुस्तान केबल्स रोड की मरम्मत के लिए विधायक से हस्तक्षेप की मांग की गई। जल जीवन मिशन का काम फिलहाल रुका है। राज्य सरकार केंद्र के साथ समन्वय कर काम जल्द पूरा कराएगी। तब तक पंचायतें अपने फंड से ट्यूबवेल और सबमर्सिबल की व्यवस्था करेंगी। चिन्मय तिवारी ने बताया कि ब्लॉक में नए तालाब खोदे जाएंगे और पुराने तालाबों का जीर्णोद्धार कर भूजल स्तर सुधारा जाएगा। जिला परिषद कर्माध्यक्ष मोहम्मद अरमान ने कहा कि ग्राम पंचायतें छोटे कार्यों को चिन्हित कर पूरा करें, बड़े बजट के काम जिला परिषद और विधायक निधि से कराए जाएंगे। ब्लॉक प्रशासन के अनुसार, राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद सालानपुर ब्लॉक में इस तरह की विकासमूलक बैठक पहली बार हुई है। इसे बेहद फलदायी बताया जा रहा है।