रफ्तार मीडिया संवाददाता /पवन गुप्ता।

​डकरा : बिहार कोलियरी कामगार यूनियन (सीटू) की एक महत्वपूर्ण बैठक आज सोमवार को डकरा वीआईपी क्लब में आयोजित की गई। यूनियन के नेता इरफान खान की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में कॉमरेड ए.के. रॉय की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं और मजदूर नेताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके बताए रास्तों पर चलने का संकल्प लिया।​सभा को संबोधित करते हुए विभिन्न वक्ताओं ने कॉमरेड ए.के. रॉय के सिद्धांतों और उनके संघर्षों को याद किया। वक्ताओं ने कहा कॉमरेड एके रॉय की विरासत सिर्फ इतिहास के पन्नों तक सीमित नहीं है, बल्कि आज के दौर में चल रहे जन संघर्षों की सही दिशा है। मजदूर-आदिवासी एकता का जो मॉडल उन्होंने खड़ा किया था, वह हमें सिखाता है कि असली बदलाव सत्ता के गलियारों से नहीं, बल्कि ज़मीन से आता है।​वक्ताओं ने वर्तमान राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों पर चिंता जताते हुए कहा कि आज जब देश में कॉर्पोरेट लूट और फासीवादी ताकतें हावी हो रही हैं, तब कॉमरेड रॉय की सोच और उनके सिद्धांत पहले से कहीं ज्यादा जरूरी और प्रासंगिक हो गए हैं।​बैठक में कॉमरेड रॉय की सादगी और बेदाग राजनीतिक जीवन की जमकर तारीफ की गई। वक्ताओं ने कहा कि तीन बार सांसद और तीन बार विधायक रहने के बावजूद उन्होंने कभी सरकारी पेंशन स्वीकार नहीं की। आज के दौर में जब राजनीति में बात-बात पर समझौता करना एक आम चलन बन गया है, उस दौर में भी ए.के. रॉय सच्चाई, ईमानदारी और पूरी निष्ठा के साथ अकेले तन कर खड़े रहे। उनका यह जज्बा न सिर्फ नमन करने योग्य है, बल्कि आज की पीढ़ी के लिए एक महान प्रेरणा भी है।इस जयंती सह संकल्प सभा में मुख्य रूप से रतिया गंझू, इरफान ख़ान, जंगबहादुर राम, तौहीद अंसारी, सेयामजी महतो, संतोष मेहता, अमर भोक्ता, फारूक नवाब, दर्शन गंझू, सरफराज़ खान, हदीश अंसारी, दसरत तुरी और उदय सहित बड़ी संख्या में कोलियरी कामगार और यूनियन से जुड़े लोग मौजूद थे।