रफ़्तार मिडिया /तमाड़ संवाददाता /गौतम लोहरा
रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र के बारेडीह गांव में जमीन विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बुधवार शाम धान का बीज डालने खेत गए किसान गोविंद महतो की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई।जानकारी के अनुसार गोविंद महतो शाम को धान बुआई के लिए खेत गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन तलाश में खेत पहुंचे तो खून से लथपथ शव देख होश उड़ गए। गले पर धारदार हथियार के गहरे जख्म थे।घटना की सूचना पर गांव में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। तमाड़ थाना पुलिस ने तुरंत पहुंचकर शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
*12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार*  
प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा पाया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कुईला महतो को 12 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बुंडू डीएसपी ने प्रेस वार्ता कर गिरफ्तारी की पुष्टि की।इस निर्मम हत्या से बारेडीह गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने दोषी को कड़ी सजा देने की मांग की है।