रफ्तार मीडिया / संवाददाता जामताड़ा
जामताड़ा शहर के होटल अवध में मंगलवार को हॉकी जामताड़ा की वार्षिक आमसभा सह कार्यकारिणी समिति के पुनर्गठन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम हॉकी झारखंड द्वारा प्रतिनियुक्त पर्यवेक्षक संजीव कुमार झा एवं जामताड़ा जिला ओलंपिक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक दुबे की उपस्थिति में संपन्न हुआ। बैठक की अध्यक्षता संजय परशुरामका ने की। बैठक में जिले में हॉकी खेल के विकास, ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को उचित अवसर उपलब्ध कराने, खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण से जोड़ने तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।उपस्थित सदस्यों ने जामताड़ा में हॉकी को नई पहचान दिलाने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने का संकल्प लिया। सर्वसम्मति से हुए चुनाव में हरि ओम को हॉकी जामताड़ा का अध्यक्ष तथा डॉ. भास्कर चंद को महासचिव चुना गया। वहीं संजय परशुरामका को वरीय उपाध्यक्ष बनाया गया। उपाध्यक्ष पद पर रंजीत राय, शिवलाल हांसदा, किरण मिश्रा एवं प्रियंका सिंह का चयन किया गया। संयुक्त सचिव के रूप में ऋषिकेश सिंह, अरमान मल्लिक एवं परिणीता सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई। कोषाध्यक्ष पद पर संजीव कुमार सेन का चयन हुआ। नई कार्यकारिणी में संरक्षक के रूप में जिला खेल पदाधिकारी जामताड़ा, राकेश रंजन चौधरी एवं प्रकाश शेखर को शामिल किया गया। कार्यकारी सदस्यों में संतोषी हेंब्रम, राजशेखर, आर्यन अंसारी, रौनक राज पोद्दार एवं नितेश किस्कू को स्थान दिया गया। बैठक के दौरान विभिन्न उपसमितियों का भी गठन किया गया। चयन समिति के संयोजक ज्ञान उरांव एवं इम्तियाज अंसारी बनाए गए। ग्रीवांस कमिटी की जिम्मेदारी अमित गिरी को सौंपी गई।एथलीट कमिटी के संयोजक कुंदन राय एवं संतोषी हेंब्रम बनाए गए। वहीं यौन उत्पीड़न निरोधक समिति की संयोजिका किरण मिश्रा एवं परिणीता सिंह को नियुक्त किया गया।नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि वे जामताड़ा में हॉकी खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करेंगे। बैठक के अंत में सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बधाई दी गई। साथ ही दिवंगत अंतरराष्ट्रीय शूटर सह प्रशिक्षक जसपाल सिंह की आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने नई टीम के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए विश्वास जताया कि हॉकी जामताड़ा जिले में खेल के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।