रफ्तार मीडिया संवाददाता गोविंद खेत्रपाल
झरिया। बीसीसीएल पीबी एरिया में कार्यरत बोरागढ़ निवासी कर्मचारी स्वर्गीय धीरेंद्र नाथ सरदार के आकस्मिक निधन के बाद उनके परिवार पर आए संकट की घड़ी में धनबाद के मेयर संजीव सिंह ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए आश्रित पुत्र को तत्काल नियोजन दिलाने की पहल की।
जानकारी के अनुसार, मजदूर नेता एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह की 35वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा के दौरान मेयर संजीव सिंह को सूचना मिली कि बीसीसीएल पीबी एरिया में कार्यरत धीरेंद्र नाथ सरदार की कार्य के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से अस्पताल में मौत हो गई है। साथ ही यह भी जानकारी मिली कि मृतक के आश्रित को नियोजन देने के मामले में बीसीसीएल प्रबंधन द्वारा टालमटोल की जा रही है।
सूचना मिलते ही मेयर संजीव सिंह कार्यक्रम स्थल से सीधे संबंधित अधिकारियों एवं प्रबंधन के संपर्क में आए तथा मामले को गंभीरता से उठाया। उन्होंने बीसीसीएल प्रबंधन से वार्ता कर मृतक के छोटे पुत्र प्रेम सरदार को आश्रित के रूप में स्थायी नियोजन देने की मांग की। मेयर की पहल और हस्तक्षेप के बाद प्रबंधन ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए प्रेम सरदार के नियोजन की प्रक्रिया को तत्काल पूरा कर नौकरी सुनिश्चित कर दी।
मेयर संजीव सिंह ने कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने कमाने वाले सदस्य को खोना सबसे बड़ा दुख होता है। ऐसे समय में प्रशासन और प्रबंधन की जिम्मेदारी है कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय धीरेंद्र नाथ सरदार के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, लेकिन आश्रित को रोजगार मिलने से परिवार को आर्थिक संबल मिलेगा।
उन्होंने शोक व्यक्त करते हुए कहा, “इस दुखद घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। मजदूर हित और उनके परिवारों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है और आगे भी हर जरूरतमंद परिवार के साथ खड़ा रहूंगा।”
मेयर की इस त्वरित पहल की स्थानीय लोगों, श्रमिक संगठनों एवं मृतक के परिजनों ने सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि संकट की घड़ी में जिस संवेदनशीलता के साथ मेयर ने हस्तक्षेप किया, उससे एक परिवार को सहारा मिला है।