दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/चितरंजन

चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना के प्रशासनिक भवन सभागार में 26 जून को राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 163वीं बैठक आयोजित हुई। जिसकी अध्यक्षता महाप्रबंधक मोहित चंद्रा ने की। बैठक की शुरुआत राष्ट्र गीत से हुई। बैठक में मुख्य राजभाषा अधिकारी सह प्रधान मुख्य इंजीनियर अजय कुमार, सभी विभागाध्यक्ष, समिति के पदेन सदस्य और राजभाषा विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। संचालन राजभाषा अधिकारी मौसुमी साहा ने किया। इस अवसर पर हिंदी में प्रशंसनीय कार्य के लिए चार कर्मियों को महाप्रबंधक के कर-कमलों से सम्मानित किया गया। पुरस्कृत होने वालों में मृणाल दादेल, सहायक सामग्री प्रबंधक/मुख्यालय भंडार, संतोष प्रसाद राय, कार्यालय अधीक्षक, इंजीनियरिंग विभाग, पूनम सिंह, कार्यालय अधीक्षक, सामान्य प्रशासन/उप-महाप्रबंधक कार्यालय और सुब्रत कुमार दत्ता, कनिष्ठ लिपिक, चिकित्सा विभाग शामिल हैं। बैठक में पिछले वर्ष की राजभाषा गतिविधियों की समीक्षा की गई। निर्धारित कार्यसूची पर चर्चा हुई और हिंदी के प्रयोग को और बढ़ाने के सुझावों पर मंथन किया गया। महाप्रबंधक मोहित चंद्रा ने कहा, राजभाषा का गौरव बनाए रखते हुए हमें इसे सरलता और सहजता से दैनिक कार्यों में अपनाना है। उन्होंने बताया कि राजभाषा विभाग हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए लगातार प्रयास कर रहा है और कई सराहनीय कदम उठाए गए हैं। बैठक का समापन राष्ट्र गान के साथ हुआ।