सरायकेला: विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदान केंद्र संख्या 164 एवं 166 के लिए नियुक्त बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा कार्यभार ग्रहण नहीं किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी, गम्हरिया ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां को पत्र भेजकर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मतदान केंद्र संख्या 164 के लिए बीएलओ के रूप में नियुक्त मध्य विद्यालय उत्तमडीह की शिक्षिका रेणुका महतो तथा मतदान केंद्र संख्या 166 के लिए नियुक्त यूपीएचसी सापड़ा की स्वास्थ्य सहिया श्रीमती रीता देवी द्वारा बीएलओ का कार्यभार ग्रहण नहीं किया गया। इसे निर्वाचन जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य के प्रति गंभीर लापरवाही माना गया है।अंचल अधिकारी ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में संबंधित कर्मियों द्वारा दायित्वों का निर्वहन नहीं किए जाने से निर्वाचन कार्य प्रभावित हो सकता है तथा कार्यक्रम के क्रियान्वयन में बाधा उत्पन्न होने की आशंका है।इसी को देखते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी से अनुरोध किया गया है कि श्रीमती रेणुका महतो एवं श्रीमती रीता देवी के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी कहा गया है कि निर्वाचन कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो तथा जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।