रफ्तार मीडिया / संवाददाता जामताड़ा :जामताड़ा नगर पंचायत के पूर्व  अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल ने सोमवार को गांधी मैदान के समीप एक आयोजित प्रेस वार्ता में जामताड़ा नगर पंचायत की वर्तमान कार्यशैली और जनहित योजनाओं को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पंचायत में कई कार्य नियम और संवैधानिक प्रक्रिया के विरुद्ध किए जा रहे हैं, जबकि जनता से जुड़े मूल मुद्दों की लगातार अनदेखी हो रही है। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने वार्ड संख्या 16 स्थित मिहिजाम रोड के आधुनिक बस स्टैंड का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस योजना का शिलान्यास लगभग तीन वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा ऑनलाइन किया जा चुका था, बावजूद इसके दोबारा शिलान्यास किया जाना सवाल खड़े करता है।उन्होंने स्वामी विवेकानंद बाल उद्यान की बदहाल स्थिति पर भी चिंता जताई। वीरेंद्र मंडल ने कहा कि उनके कार्यकाल में स्वीकृत इस योजना को लेकर वर्तमान अध्यक्ष ने बड़े दावे किए थे, लेकिन आज भी उद्यान अधूरा पड़ा है और वहां झाड़ियां उगी हुई हैं। सफाई कर्मियों को 30 हजार मानदेय, हर वार्ड में लाइब्रेरी, एम्बुलेंस सुविधा, बेरोजगार युवाओं को रोजगार और कोचिंग देने जैसे चुनावी वादों को भी अधूरा बताया।वीरेंद्र मंडल ने यह भी आरोप लगाया कि बस स्टैंड बंदोबस्ती और हटिया से अवैध उगाही की जा रही है तथा रोजगार प्राप्त कर्मियों को हटाने की कोशिश की गई। अंत में उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि जामताड़ा की जनता के अधिकार, पारदर्शिता और विकास के लिए है।