पूर्वी चंपारण जिले में अक्षय तृतीया के अवसर पर बाल विवाह मुक्त जिला बनाने के उद्देश्य से आज दिनांक 17 अप्रैल 2026 को व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी के दिशा-निर्देशानुसार अरेराज प्रखंड मुख्यालय एवं मुरा पंचायत में शपथ ग्रहण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
*प्रखंड कार्यालय में शपथ ग्रहण:*
कार्यक्रम की शुरुआत प्रखंड मुख्यालय में प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री आदित्य नारायण दीक्षित की अध्यक्षता में हुई। यहां प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के सभी कर्मियों ने बाल विवाह रोकने और समाज को जागरूक करने की सामूहिक शपथ ली।
इस मौके पर जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ विमेन की जिला मिशन समन्वयक निधि कुमारी, जेंडर विशेषज्ञ निर्भय कुमार, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ रितेश कुमार और ग्राम नियोजन केंद्र के प्रोग्राम मैनेजर सत्येंद्र कुमार ने तकनीकी व सामाजिक इनपुट साझा किए।
मुखिया संघ अध्यक्ष संजय कुमार दुबे एवं मिश्रौलिया मुखिया देश बंधु सिंह ने भी पंचायत स्तर पर इस कुप्रथा के खिलाफ मजबूती से खड़े होने का संकल्प दोहराया।
*चंडी स्थान गांव में महिला चौपाल:*
प्रशासनिक कार्यक्रम के बाद अभियान को सीधे समुदाय तक ले जाते हुए मुरा पंचायत के चंडी स्थान गांव में महिलाओं के साथ विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
महिलाओं को बताया गया कि अक्षय तृतीया के दिन होने वाले बाल विवाह उनके बच्चों के स्वास्थ्य और भविष्य के लिए कितने घातक हैं। गांव की महिलाओं से अपील की गई कि वे अपने आसपास होने वाले किसी भी कम उम्र के विवाह की जानकारी तुरंत प्रशासन या मुखिया को दें।
उन्हें बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत दंड और प्रावधानों के बारे में सरल भाषा में समझाया गया। इस ग्रामीण संवाद के दौरान भारी संख्या में स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं, जिन्होंने अपने गांव को बाल विवाह मुक्त रखने का भरोसा दिया।