सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत बुरूडीह से कान्दरबेड़ा के बीच सुवर्णरेखा नदी पर बनने वाले उच्च स्तरीय पुल निर्माण कार्य का शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री सह सरायकेला विधायक चंपाई सोरेन के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में ही सुवर्णरेखा नदी पर इस पुल निर्माण की स्वीकृति दी गई थी, जिसका आज विधिवत शिलान्यास किया गया। उन्होंने कहा कि पुल के निर्माण से क्षेत्र के लोगों का जुड़ाव सीधे एनएच-32 से हो जाएगा, जिससे आवागमन काफी सुगम बनेगा।उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग थी, जो अब पूरी होने जा रही है। पुल बनने के बाद ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी तथा व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच आसान होगी।इस दौरान चंपाई सोरेन ने यह भी जानकारी दी कि बुरूडीह क्षेत्र में जल्द ही एक डिग्री कॉलेज का निर्माण कार्य भी शुरू किया जाएगा। कॉलेज बनने से आसपास के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और स्थानीय स्तर पर ही बेहतर शिक्षा की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।