मोतिहारी, रफ्तार मीडिया। रिपोर्ट: ओमप्रकाश तिवारी
जिले के स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता और योजनाओं के धरातल पर क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव मंगलवार देर संध्या एक्शन में दिखे। समाहरणालय स्थित डॉ राधाकृष्णन सभागार में उनकी अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक में जिलान्तर्गत संचालित सभी योजनाओं की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की गई। DM ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि वे अपने प्रखंडाधीन विद्यालयों में संचालित सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का नियमित अनुश्रवण करेंगे। साथ ही विद्यालयों में उपलब्ध कराई गई सामग्रियों का समुचित उपयोग हर हाल में सुनिश्चित कराएं।
*स्मार्ट क्लास का हो नियमित उपयोग*
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, खेल सामग्री, वाद्य यंत्र आदि की व्यवस्था की गई है। इन सभी का नियमित उपयोग कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि स्मार्ट क्लास और लैब के संचालन की फोटो नोट कैम से लेकर प्रतिवेदन के साथ भेजना सुनिश्चित किया जाए। इससे पता चलेगा कि उपकरणों का वास्तविक उपयोग हो रहा है या नहीं।
*मॉडल स्कूलों पर विशेष फोकस*
मॉडल स्कूल एवं पीएम श्री विद्यालय की समीक्षा करते हुए DM ने कहा कि इन विद्यालयों में यथाशीघ्र सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। मॉडल स्कूलों को आदर्श बनाना है, इसलिए यहां आधारभूत संरचना, शिक्षण सामग्री और अन्य सुविधाओं में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
*कस्तूरबा विद्यालय का नियमित निरीक्षण हो*
डीएम के द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का नियमित अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति एवं आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित कराई जाए। हॉस्टल, भोजन, सुरक्षा और पढ़ाई की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
*निर्माण कार्य समय पर पूरे हों*
बैठक में विद्यालयों में कराए जाने वाले असैनिक कार्य एवं निर्माण कार्यों की भी समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी स्वीकृत निर्माण कार्यों को ससमय प्रारंभ करते हुए निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराया जाए। कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा।
उक्त बैठक में जिलाधिकारी के साथ उप विकास आयुक्त डॉ प्रदीप कुमार, नगर आयुक्त आशीष कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी निशांत सिहारा, सहायक समाहर्ता राजकृष्ण झा, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरि सहित शिक्षा विभाग के कार्यक्रम पदाधिकारी एवं सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा विभाग की योजनाएं धरातल पर दिखनी चाहिए। निरीक्षण में यदि किसी स्कूल में उपकरण बंद पड़े मिले या उपयोग नहीं होता मिला तो संबंधित BEO और प्रधानाध्यापक पर कार्रवाई तय है।