दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा 


समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कारा सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मंडल कारा की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं तथा विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा बंदियों को नियमानुसार सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त ने कारा अधीक्षक, कारापाल एवं कक्षपाल के पदस्थापन और रिक्त पदों की जानकारी ली। इसके अलावा कारा परिसर में सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, ड्रैगन लाइट, जैमर, टेलीफोन बूथ, वॉकी-टॉकी, सायरन, जालीनुमा बैरिकेडिंग, इलेक्ट्रिक फेंसिंग तथा प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि कारा में सुरक्षा ऑडिट और मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा चुका है। उपायुक्त ने फायर सेफ्टी ऑडिट कराने तथा बंदियों के बीच अग्नि सुरक्षा का प्रदर्शन कराने का निर्देश दिया। साथ ही तड़ित चालक की कार्यशीलता की जांच बिजली विभाग से कराने को कहा। उन्होंने महिला वार्ड, पुरुष वार्ड, पाकशाला और पुस्तकालय में चल रहे जीर्णोद्धार एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। हाईमास्ट, स्ट्रीट लाइट और प्रॉपर्टी लाइट की मरम्मत सुनिश्चित करने को भी कहा।उपायुक्त ने कहा कि कारा में बंदियों को सभी मूलभूत सुविधाएं नियमानुसार उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कचरा उठाव, स्वच्छता और मच्छरों से बचाव के लिए नियमित फॉगिंग जारी रखने के निर्देश दिए। साथ ही कारा में आने-जाने वाले सभी लोगों की सघन तलाशी तथा मुलाकात के बाद बंदियों तक पहुंचने वाली सामग्री की गहन जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी सह  मंडल कारा प्रभारी अधीक्षक अनंत कुमार, पुलिस उपाधीक्षक नीलम कुजूर, विशेष शाखा के पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।