रफ्तार संवाददाता रंजीत :पालकोट थाना क्षेत्र के लामदोन गांव में पुत्र द्वारा अपने ही पिता की हत्या कर देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। मृतक की पहचान लखन गोप (55 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि हत्या के आरोपी पुत्र का नाम मुना गोप (25 वर्ष) बताया गया है।मिली जानकारी के अनुसार मुना गोप अपनी शादी में हो रही देरी और बार-बार रिश्ता टूट जाने को लेकर अपने पिता को जिम्मेदार मानता था। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि गुरुवार देर शाम दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई, जिसके बाद गुस्से में आकर पुत्र ने लोहे की सबल से अपने पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से लखन गोप की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही पालकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुना गोप को दाह संस्कार से लौटने के दौरान गिरफ्तार कर लिया।पालकोट पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।