दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम
मिहिजाम थाना क्षेत्र में शुक्रवार को मुहर्रम का पर्व पूरे धूमधाम और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। मुस्लिम समुदाय ने शांतिपूर्ण माहौल में इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए ताजिया जुलूस निकाला। पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मिहिजाम थाना प्रभारी के नेतृत्व में जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जुलूस के रूट पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त जवानों को लगाया गया। प्रशासन की सजगता से कहीं कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। मुहर्रम के मौके पर शहर में भाईचारे की मिसाल भी देखने को मिली। विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने जगह-जगह शरबत, पानी और नींबू पानी के स्टाल लगाए। तेज गर्मी में जुलूस में शामिल लोगों को राहत मिली। हिन्दू-मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मिलकर स्टालों पर सेवा दी। जुलूस मिहिजाम के मुख्य मार्गों से होता हुआ करबला पहुंचा, जहां परंपरागत रीति से ताजिए को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान या हुसैन की सदाएं गूंजती रहीं। थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने कहा कि सभी समुदायों के सहयोग से पर्व शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। पुलिस और जनता के बेहतर समन्वय से मिहिजाम में सौहार्द का माहौल बना रहा। देर शाम तक क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रही।