चंदन दुबे / रफ्तार मीडिया संवाददाता, बेरमो
बेरमो :- देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शनिवार को पूरे बेरमो कोयलांचल क्षेत्र में देशभक्ति और राष्ट्रीय स्वाभिमान का अद्भुत उत्साह देखने को मिला। सरकारी, गैर-सरकारी संस्थानों, शैक्षणिक प्रतिष्ठानों और सामाजिक संगठनों में आन-बान और शान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।
ध्वजारोहण के उपरांत सामूहिक राष्ट्रगान हुआ और देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को नमन कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने का सामूहिक संकल्प लिया।
समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के गगनभेदी नारों से पूरा बेरमो क्षेत्र गुंजायमान रहा और माहौल पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंग गया।
विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां देकर लोगों का मन मोह लिया।