सरायकेला: गुजरात के सूरत में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद जमशेदपुर के बागबेड़ा निवासी 32 वर्षीय साजू केशरी के परिजनों और ग्रामीणों ने गुरुवार को सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित बोल बम पेट्रोलियम प्रोडक्ट कंपनी के बाहर शव रखकर धरना शुरू कर दिया। घटना को लेकर क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।जानकारी के अनुसार, साजू केशरी सूरत स्थित जेके पेट्रोलियम कंपनी में कार्यरत था। परिजनों का आरोप है कि उसे बोल बम पेट्रोलियम प्रोडक्ट कंपनी के माध्यम से काम के लिए सूरत भेजा गया था। 22 जून की रात करीब 8 बजे कंपनी के क्वार्टर में साजू का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना को लेकर परिजन कई सवाल उठा रहे हैं और मौत को संदिग्ध बता रहे हैं।गुरुवार को शव गांव पहुंचने के बाद परिजन, ग्रामीण और स्थानीय जनप्रतिनिधि बोल बम पेट्रोलियम कंपनी के मुख्य गेट के बाहर एकत्रित हो गए। एंबुलेंस में रखे शव के साथ धरना शुरू कर दिया गया।प्रदर्शनकारियों ने कंपनी प्रबंधन से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने की मांग की।परिजनों ने स्पष्ट कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा और धरना जारी रहेगा।मामले में कंपनी का पक्ष जानने के लिए बोल बम पेट्रोलियम के प्रबंधक से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने किसी भी प्रकार की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।धरना स्थल पर झामुमो नगर सचिव कृष्णा महतो, नगर उपाध्यक्ष राजेश लाहा, बहादुर किस्कू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने मृतक के परिजनों की मांगों का समर्थन करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की।
फिलहाल कंपनी गेट के बाहर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस मौके पर तैनात है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए है। प्रशासन भी मामले के समाधान को लेकर स्थिति पर निगरानी बनाए हुए है।