बिद्युत महतो / रफ्तार मीडिया संवाददाता, ईचागढ़

राष्ट्रीय सूढ़ी समाज के संगठनात्मक विस्तार को नई दिशा देते हुए ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत पातकुम निवासी संजय मंडल को सरायकेला-खरसावां जिला इकाई का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं हेबेन निवासी श्रवण कुमार मंडल को जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नियुक्ति की घोषणा संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष कृतिवास मंडल द्वारा की गई।

जिलाध्यक्ष मनोनीत होने के बाद संजय मंडल ने संगठन के केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो विश्वास और दायित्व सौंपा गया है, उस पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सक्रियता के साथ खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने के लिए अगले एक माह के भीतर जिला कमेटी का गठन एवं विस्तार किया जाएगा, ताकि समाज के लोगों को एक मंच पर जोड़कर बेहतर कार्य किया जा सके।

उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए केवल संगठन विस्तार ही नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और जागरूकता भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से दहेज प्रथा, बाल विवाह, नशा सेवन जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के उत्थान, युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

संजय मंडल ने कहा कि संगठन समाज की एकजुटता, शिक्षा, सामाजिक सुधार और नई पीढ़ी को जागरूक बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएगा। इधर संजय मंडल को जिलाध्यक्ष बनाए जाने की खबर के बाद क्षेत्र के सूढ़ी समाज में उत्साह का माहौल देखा गया। समाज के लोगों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।