सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत बागराई स्थित माझी महाल भवन में रविवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की जिला कार्यसमिति की बैठक जिला अध्यक्ष सुभेन्दु महतो की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा पार्टी की सांगठनिक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में खरसावां विधायक दशरथ गागराई, ईचागढ़ विधायक सबिता महतो, झामुमो के केंद्रीय सदस्य गणेश महाली, सरायकेला नगर अध्यक्ष मनोज चौधरी, केंद्रीय सदस्य गणेश चौधरी, झामुमो नेता कालीपद सोरेन, बुद्धिजीवी मोर्चा जिलाध्यक्ष दुर्गालाल मुर्मू, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुशीला तांती सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।बैठक को संबोधित करते हुए परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि झामुमो कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी जिम्मेदारी राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की नीतियों को गांव-गांव तथा घर-घर तक पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने, उनकी समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए गंभीर प्रयास करने का आह्वान किया।खरसावां विधायक दशरथ गागराई, ईचागढ़ विधायक सबिता महतो समेत अन्य नेताओं ने भी संगठन की मजबूती पर बल देते हुए कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाना पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय, अनुशासन और सक्रियता के साथ कार्य करना होगा।बैठक के दौरान संगठन को मजबूत बनाने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए सात महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। इनमें तीनों विधानसभा क्षेत्रों में स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापना का प्रस्ताव प्रमुख रहा। साथ ही 4 अगस्त को उनकी प्रथम पुण्यतिथि, 8 अगस्त को वीर शहीद निर्मल महतो का शहादत दिवस तथा 15 अगस्त को स्वर्गीय रामदास सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि एवं स्वतंत्रता दिवस सभी प्रखंड कार्यालयों में गरिमापूर्ण ढंग से मनाने का निर्णय लिया गया।इसके अलावा जिला समिति की बैठक प्रत्येक तीन माह तथा प्रखंड समिति की बैठक प्रत्येक माह आयोजित करने, बैठकों में सभी पदाधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और लगातार तीन बैठकों से अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों को पदमुक्त मानने का निर्णय लिया गया। सोशल मीडिया एवं जनसंचार माध्यमों में संगठन विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।बैठक के अंत में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया।