दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम

मिहिजाम नगर परिषद कार्यालय के सभागार में 19 जून को हुई बोर्ड बैठक में शहर की तस्वीर बदलने का खाका तैयार हुआ। बैठक की अध्यक्षता कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुंभकार ने की। इसमें नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष 20 वार्डों के पार्षद, सिटी मैनेजर विजय कुमार समेत सभी अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में जर्जर सड़कों की मरम्मत, नालियों की सफाई, पेयजल व्यवस्था और जलनिकासी को बेहतर बनाने की रणनीति बनी। आगामी मानसून को देखते हुए जलजमाव रोकने और संभावित समस्याओं से निपटने के लिए विशेष कार्ययोजना पर सहमति बनी। सभी जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। बैठक में होर्डिंग टैक्स को लेकर फैली भ्रांतियों पर भी स्थिति स्पष्ट की गई। कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुंभकार ने बताया कि नगर परिषद सिर्फ उन्हीं दुकानों से होर्डिंग टैक्स लेगी जिन पर किसी कंपनी का विज्ञापन बोर्ड लगा है। यदि दुकान पर सिर्फ दुकान का नाम या व्यवसाय की जानकारी लिखी है तो कोई टैक्स नहीं लगेगा। विकास कार्यों में तेजी लाने और नागरिक सुविधाएं सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि तय रोडमैप के तहत काम शुरू होते ही मिहिजाम की बुनियादी तस्वीर बदलनी शुरू हो जाएगी।