दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मिहिजाम नगर के तत्वावधान में रविवार को मैराथन दौड़ और सामूहिक योगाभ्यास का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों में स्वास्थ्य, अनुशासन और योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। सुबह से ही शहर में उत्साह का माहौल रहा। मैराथन दौड़ में बालक और बालिका वर्ग से 100 से अधिक प्रतिभागियों ने जोश के साथ हिस्सा लिया। दौड़ का शुभारंभ मिहिजाम नगर के पूर्व अध्यक्ष ने हरी झंडी दिखाकर किया। प्रतिभागियों ने अनुशासन और फुर्ती के साथ दौड़ पूरी कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष पांच बालक और पांच बालिका प्रतिभागियों को मंच पर पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। दौड़ के बाद नगरवासियों, छात्रों और स्वयंसेवकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। योग सत्र का संचालन योग गुरु विजय जी ने किया। उन्होंने सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, भुजंगासन, कपालभाति और अनुलोम-विलोम जैसे आसन और प्राणायाम कराए। विजय जी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, यह मन को शांत कर शरीर को संतुलित रखने का विज्ञान है। रोज 15-20 मिनट योग करने से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और जीवन संतुलित बनता है। पूरा कार्यक्रम संघ के नगर सहकार्यवाह राजकमल के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इसमें संघ के अधिकारीगण, स्वयंसेवक, नगर के गणमान्य नागरिक और सैकड़ों विद्यार्थी मौजूद रहे। समापन पर आयोजकों ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और श्रेष्ठ जीवन का मार्ग है। नियमित योग से हम स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दे सकते हैं। संघ के देवघर विभाग के शारीरिक शिक्षण प्रमुख अनिमेष ने नारा दिया करें योग, रहें निरोग और स्वस्थ भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।