रंजीत पालकोट : पालकोट स्थित कंदर्प उच्च विद्यालय के एनसीसी कैडेटों ने एक सराहनीय पहल करते हुए ऋषिमुख पर्वत की तराई में स्थित मीठे जल के प्रसिद्ध झरने निर्झर की साफ-सफाई की। यह जल स्रोत पालकोट क्षेत्र के लोगों के लिए पेयजल का एक प्रमुख साधन माना जाता है।
सफाई अभियान के दौरान कैडेटों ने अपने हाथों में झाड़ू, कुदाल एवं अन्य उपकरण लेकर निर्झर के आसपास उगी झाड़ियों और फैली गंदगी को हटाया। कैडेटों ने पूरे क्षेत्र को स्वच्छ बनाते हुए जल स्रोत को संरक्षित रखने का संदेश भी दिया।इस अवसर पर एनसीसी कैडेटों ने लोगों से अपील की कि वे प्राकृतिक जल स्रोतों को साफ-सुथरा रखें और उनमें कचरा न डालें। उन्होंने कहा कि ऐसे जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।स्थानीय लोगों ने भी कैडेटों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इससे समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।