अयोध्या। 2027 विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज होती दिख रही है। अयोध्या के मऊ शिवाला स्थित शिवसेना प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अभय द्विवेदी ने गोंडा जनपद के युवा नेता अनुराग शुक्ला को शिवसेना का जिला प्रभारी नियुक्त कर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी।
इस मौके पर अभय द्विवेदी ने कहा कि पार्टी आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय हो चुकी है और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का अभियान शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि हाल ही में उनकी मुलाकात महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री Eknath Shinde से हुई थी, जिसमें स्पष्ट संदेश दिया गया कि शिवसेना एनडीए गठबंधन के साथ पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और उत्तर प्रदेश में बड़ी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गोंडा जैसे महत्वपूर्ण जिले में संगठन को नई धार देने के लिए अनुराग शुक्ला को जिम्मेदारी दी गई है। उनसे अपेक्षा की गई है कि वे गांव-गांव और बूथ-बूथ तक कार्यकर्ताओं को जोड़कर पार्टी का जनाधार मजबूत करें।
वहीं, नव नियुक्त जिला प्रभारी अनुराग शुक्ला ने प्रदेश नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने दावा किया कि गोंडा जिले में बूथ, पंचायत और जिला स्तर पर संगठन को मजबूत कर भाजपा-शिवसेना गठबंधन को और मजबूती दी जाएगी तथा आगामी विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी जाएगी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि रामनगरी अयोध्या से हुई यह नियुक्ति केवल संगठनात्मक बदलाव नहीं, बल्कि 2027 के चुनावी महासंग्राम की तैयारी का बड़ा संकेत है। अब देखना होगा कि शिवसेना का यह नया चुनावी दांव उत्तर प्रदेश की राजनीति में कितना असर दिखाता है।
— रिपोर्ट: अयोध्या ब्यूरो