दीपचंद्र दीक्षित/फर्रुखाबाद: “6 महीने तक टोल टैक्स फ्री कर जनता को राहत दी जाए”। देश में लगातार बढ़ रही महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों के बीच भाजपा नेता विकास राजपूत ने केंद्र सरकार से आम जनता को राहत देने के लिए अहम कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्ध जैसे हालातों के कारण ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है।
विकास राजपूत ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों को तत्काल नियंत्रित करना आसान नहीं है, लेकिन सरकार चाहे तो देशभर में NHAI द्वारा संचालित सभी टोल प्लाजा पर कम से कम 6 महीने तक टोल टैक्स फ्री कर जनता को बड़ी राहत दे सकती है।
उन्होंने कहा कि जब तक अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां सामान्य नहीं हो जातीं, तब तक सरकार को राहत की नीति अपनाते हुए टोल टैक्स माफ करना चाहिए। इससे ट्रांसपोर्ट खर्च में कमी आएगी और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि टोल टैक्स फ्री होने से माल भाड़ा घटेगा, जिससे खाद्य पदार्थों और घरेलू जरूरत की चीजों की कीमतों में राहत मिल सकती है। इसका सीधा लाभ आम आदमी और मध्यम वर्गीय परिवारों को मिलेगा।
प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर दिए सुझाव
भाजपा नेता विकास राजपूत ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर सुझाव दिया कि देशभर में टोल टैक्स अस्थायी रूप से समाप्त किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने घरेलू गैस सिलेंडर पर अतिरिक्त सब्सिडी और किसानों को डीजल खरीद पर राहत देने की मांग भी उठाई।
किसानों के लिए डीजल सब्सिडी की मांग
उन्होंने कहा कि खेती-किसानी और सिंचाई के लिए किसानों को बड़ी मात्रा में डीजल की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे में सरकार को कृषि कार्यों के लिए अस्थायी रूप से डीजल पर सब्सिडी देनी चाहिए, ताकि किसानों की लागत कम हो सके और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत बनी रहे।
गैस सिलेंडर पर अतिरिक्त राहत की अपील
विकास राजपूत ने कहा कि बढ़ती महंगाई के बीच घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों ने गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की परेशानी बढ़ा दी है। उन्होंने सरकार से मांग की कि जरूरतमंद परिवारों को राहत देने के लिए गैस सिलेंडर पर ₹200 से ₹300 तक अतिरिक्त सब्सिडी दी जाए।
“महंगाई पर राजनीति नहीं, राहत की नीति चाहिए”
विकास राजपूत ने कहा कि सरकार यदि टोल टैक्स, किसानों के डीजल और गैस सिलेंडर पर राहत देती है, तो इससे देश की जनता को बड़ी राहत मिलेगी और महंगाई का बोझ कम करने में मदद मिलेगी।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार हमेशा देशहित और जनहित के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी जनता के हित में बड़े फैसले लेती रहेगी।