मोतिहारी के मधुबन थाना क्षेत्र में निजी अस्पताल में अबॉर्शन के बाद एक महिला की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल के सामने सड़क पर शव रखकर घंटों हंगामा किया।

जानकारी के अनुसार राजकुमार राम के पुत्र मदन कुमार राही की पत्नी सपना कुमारी को इलाज के लिए इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने स्थित मनोकामना सेवा सदन मधुबन प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया था। आरोप है कि मनोकामना सेवा सदन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मधुबन में पदस्थापित एएनएम कल्याणी कुमारी द्वारा डीएनसी (MTP) अबॉर्शन करने के बाद 25 वर्षीय सपना कुमारी की मौत हो गई। सपना दो बच्चों की मां थी।

मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के सामने सड़क पर शव रखकर जाम कर दिया। सूचना पर मधुबन थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद सड़क जाम हटवाया गया।

मधुबन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।